प्राप्त शिकायतों के समाधान हेतु संबंधित पदाधिकारियों को किया निदेशित
उपायुक्त गढ़वा पशुपतिनाथ मिश्रा ने आज समाहरणालय सभागार में जनसुनवाई का आयोजन किया। जनसुनवाई में आए फरियादियों की समस्याएं बारी-बारी से सुनी गई एवं उसके निष्पादन हेतु उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया। आज के जनसुनवाई में राशन, पेंशन, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, आवास, मुआवजा, योजनाओं का लाभ, अतिक्रमण, रोजगार सृजन, बकाया मजदूरी भुगतान समेत अन्य समस्याओं को लेकर उपस्थित हुए आमजनों की समस्याओं को उपायुक्त द्वारा गंभीरता से बारी-बारी सुनी गई एवं यथाशीघ्र उनके समस्याओं के निराकरण करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निदेशित किया गया।
उक्त जनसुनवाई में सर्वप्रथम मेराल प्रखंड के हासनदाग निवासी शांति कुंवर ने आवेदन समर्पित करते हुए अपना विधवावस्था पेंशन पिछले 4 साल से बंद होने की शिकायत की है। उन्होंने बताया कि उन्हें मृत घोषित करते हुए उनका विधवावस्था पेंशन पिछले 4 सालों से बंद कर दिया गया है। पेंशन चालू कराने को लेकर कई बार प्रखंड कार्यालय में आवेदन दिया गया परंतु कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। अत: उन्होंने मामले की जांच कराते हुए विधवावस्था पेंशन पुन: चालू करने का अनुरोध किया है।
रमना प्रखंड के करचा निवासी शर्मा वियार ने आवेदन समर्पित करते हुए भू-अर्जन से संबंधित मुआवजा राशि नहीं मिलने की शिकायत की है। उन्होंने बताया कि एनएच-75 खजूरी से विंढ़मगंज पथ चौड़ीकरण में उनके 8 डिसमिल जमीन का अधिग्रहण किया गया है, जिसका मुआवजा राशि काफी प्रयासों के बाद भी अभी तक नहीं मिल सका है। उन्होंने अधिग्रहित भूमि के विरुद्ध मुआवजा राशि शीघ्र भुगतान कराने का अनुरोध किया है।
सदर प्रखंड के ओबरा निवासी गुप्तेश्वर विश्वकर्मा एवं ग्राम पंचायत की मुखिया कौशल्या देवी ने आवेदन समर्पित करते हुए ओबरा गांव में सड़क निर्माण कराने का अनुरोध किया है। उन्होंने बताया कि सड़क की स्थिति काफी जर्जर है, जिस पर राहगीरों को चलना अत्यंत कष्टदायक है। उन्होंने उक्त गांव में एक से डेढ़ किलोमीटर तक का जर्जर सड़क बनवाने हेतु अनुरोध किया है।
रमना प्रखंड के सिलीदाग निवासी स्व० मंदिश राम की पत्नी पुष्पा देवी ने आवेदन समर्पित करते हुए अपने बच्चों के लिए बाल आशीर्वाद योजना के तहत लाभान्वित करने का अनुरोध किया है। उन्होंने बताया कि उन्हें चार पुत्रियां है जिनमें से दो पुत्रियों का बाल आशीर्वाद योजना से अच्छादित करने हेतु नाम लिस्टेड किया गया है, परंतु अभी तक लाभान्वित नहीं किया गया है और न ही इस संदर्भ में संबंधित कार्यालय द्वारा कोई प्रक्रिया अपनाई गई है।
इसी प्रकार जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए शेष अन्य लोगों ने भी अपनी-अपनी समस्याओं को बारी-बारी से उपायुक्त के समक्ष रखा। आमजनों से प्राप्त शिकायतों के समाधान हेतु उपायुक्त श्री मिश्रा द्वारा संबंधित पदाधिकारीयों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही संबंधित विभागों के कार्यालय प्रधान को संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ आमजनों से प्राप्त शिकायतों व समस्याओं को निष्पादित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गयें।