(DC office) गढ़वा:- भारत से जुड़ेंगे गढ़वा के 66 हजार युवा, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर उपायुक्त ने दिया जोर
माय भारत जिला सलाहकार समिति की बैठक में 15 अगस्त तक विशेष पंजीकरण अभियान को सफल बनाने का निर्देश
गढ़वा। माय भारत, गढ़वा के तत्वावधान में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत आज दिनांक 28 जुलाई 2026 को उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में माय भारत जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में युवाओं को माय भारत पोर्टल से अधिकाधिक संख्या में जोड़ने, युवाओं के लिए संचालित विभिन्न कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण एवं सामाजिक सरोकारों से जोड़ने को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
बैठक के दौरान माय भारत पोर्टल के माध्यम से युवाओं के लिए संचालित विभिन्न कार्यक्रमों, जिसमें नेतृत्व निर्माण, अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम एवं राष्ट्रीय कार्यक्रम सहित अन्य गतिविधियां शामिल हैं, के संबंध में जानकारी दी गई। माय भारत, गढ़वा के जिला युवा अधिकारी पामिर सिंह ने बताया कि जिले में अब तक लगभग 11,000 युवा माय भारत ऑनलाइन पोर्टल से जुड़ चुके हैं। वहीं, 15 अगस्त 2026 तक चलाए जा रहे विशेष पंजीकरण अभियान के तहत जिले के लगभग 66,000 युवाओं को माय भारत पोर्टल से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए *उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने शिक्षा, समाज कल्याण, नियोजन, आईटीआई, खेल, एनएसएस, एनसीसी, भारत स्काउट एवं गाइड सहित अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अधिकाधिक युवाओं का माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिले के प्रत्येक प्रखंड, विद्यालय एवं महाविद्यालय तक माय भारत पोर्टल की जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि पात्र युवाओं को इससे जोड़कर उन्हें विभिन्न युवा गतिविधियों एवं राष्ट्र निर्माण के अवसरों से जोड़ा जा सके।*
बैठक में *‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’* अभियान को भी प्रभावी रूप से जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष चर्चा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि युवाओं के साथ-साथ आम लोगों को भी इस अभियान से जोड़ते हुए नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाए।
उपायुक्त श्री मिश्रा ने कहा कि *“माय भारत युवाओं के लिए केवल एक डिजिटल मंच नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का एक सशक्त अवसर है।”* उन्होंने युवाओं को विभिन्न यूथ गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि जिले के अधिक से अधिक युवा माय भारत पोर्टल से जुड़ें और सामाजिक सेवा, राष्ट्र निर्माण तथा *विकसित भारत के संकल्प* में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने जिला प्रशासन की ओर से माय भारत को पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आश्वासन देते हुए सभी संबंधित विभागों को पोर्टल पर अधिकाधिक युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में उप विकास आयुक्त प्रेमलता मुर्मू, अपर समाहर्ता विकास कुमार राय, सिविल सर्जन डॉ. जॉन एफ. कैनेडी सहित जिला स्तरीय समिति के अन्य सदस्य एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।