(DC office) गढ़वा:- उपायुक्त की अध्यक्षता में स्वतंत्रता दिवस समारोह 2026 की तैयारियों से संबंधित बैठक का आयोजन
समारोह के सफल संचालन हेतु संबंधित पदाधिकारियों को दिये गयें आवश्यक निदेश
स्वतंत्रता दिवस के पूर्व संध्या पर होगा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन: उपायुक्त
समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त गढ़वा, पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में आज स्वतंत्रता दिवस समारोह (15 अगस्त 2026) के आयोजन के संबंध में बैठक किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न वरीय पदाधिकारी, कार्यालय प्रधान एवं विद्यालयों के प्रधानाचार्य समेत अन्य संबंधित उपस्थित थें।
बैठक में मुख्य कार्यक्रम स्थल, टाउन हॉल का चयन करते हुए झंडोत्तोलन कार्यक्रम, मुख्य समारोह स्थल पर मंच का निर्माण, मुख्य समारोह स्थल पर बैठने की व्यवस्था, महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण, मुख्य समारोह स्थल पर चिकित्सा व्यवस्था, आमंत्रण कार्ड का मुद्रण एवं वितरण, प्रभात फेरी एवं परेड का आयोजन, राष्ट्रगान का पूर्वाभ्यास, स्वतंत्रता सेनानी एवं शहीद जवानों के आश्रितों को सम्मानित करने, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करने, मुख्य समारोह स्थल पर अग्निशमन की व्यवस्था, ध्वनि विस्तारक यंत्र की व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मुख्य समारोह स्थल पर विधि व्यवस्था, पेयजल एवं शौचालय की व्यवस्था/विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था एवं अन्य तैयारियों को लेकर कार्यक्रम का रूप रेखा तैयार करते हुए उपायुक्त द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को विभिन्न दिशा निर्देश दिए गए।
उल्लेखनीय है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में झंडोत्तोलन का मुख्य कार्यक्रम गोविंद इंटर कॉलेज (टाउन हॉल) गढ़वा के मैदान में प्रातः 09:00 बजे किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस के दिन कई अन्य सरकारी कार्यालयों में भी झंडोत्तोलन एवं राष्ट्रगान कार्यक्रम किया जाएगा। इनमें उपायुक्त आवासीय कार्यालय में प्रातः 08:10 बजे, समाहरणालय गढ़वा में प्रातः 09:50, अनुमंडल कार्यालय गढ़वा में प्रातः 10:15, पुलिस लाइन गढ़वा में प्रातः 10:40 बजे का समय निर्धारित है।
स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या, अर्थात 14 अगस्त 2026 को संध्या 05 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन टाउन हॉल, गढ़वा में किया जाएगा। इसे लेकर कार्यक्रम स्थल पर उपायुक्त ने अतिथियों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
स्वतंत्रता दिवस के दिन ट्रैफिक एवं नो एंट्री को लेकर भी उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को निदेशित किया, जिससे प्रभात फेरी समेत अन्य कार्यक्रमों के आयोजन में आवागमन की समस्या उत्पन्न न हो। इस दौरान उपायुक्त ने निर्धारित समय पर सभी कार्यक्रमों के आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश सभी संबंधितों को दिया।
कार्यक्रम स्थल एवं शहर की साफ-सफाई को लेकर उपायुक्त ने कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद को आवश्यक निर्देश दिए। परेड को लेकर उपायुक्त ने अच्छे से पूर्वाभ्यास करने को कहा। सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्कूली छात्र छात्राओं को आमंत्रित करने को कहा गया। वहीं कार्यक्रम के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश कार्यपालक अभियंता विद्युत प्रमंडल, गढ़वा को दिया गया।
ध्वनि विस्तारक यंत्र एवं संपूर्ण कार्यक्रम की स्टील फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी तथा स्वतंत्रता दिवस समारोह का सीधा प्रसारण विभिन्न स्थानीय चैनल एवं मीडिया के अन्य माध्यम से कराने को लेकर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिये गयें।
उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को दिए गए दायित्वों/कार्यों के निर्वह्न हेतु सक्रिय होकर निर्धारित समय सीमा के अंदर करने एवं ससमय सभी को उपस्थित रहने का निर्देश दिया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी हेतु आयोजित उक्त बैठक में पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर, उप विकास आयुक्त प्रेमलता मुर्मू, अपर समाहर्ता विकास कुमार राय, कमांडेंट सीआरपीएफ-172 बटालियन, अनुमंडल पदाधिकारी गढ़वा कुमार मयंक भूषण, जिला नजारत उप समाहर्ता धीरज प्रकाश, पुलिस उपाधीक्षक (मु०) यशोधरा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंकज कुमार गिरि, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद, गढ़वा सुशील कुमार, प्रभारी पदाधिकारी जिला सामान्य शाखा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गढ़वा, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य समेत अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थें।