(DC office) गढ़वा :- गढ़वा में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान ने पकड़ी रफ्तार, 100 प्रतिशत गणना प्रपत्रों का वितरण पूर्ण
उपायुक्त की सतत निगरानी में युद्धस्तर पर चल रहा अभियान, 29 जुलाई तक सभी प्रक्रियाएं पूर्ण कर 5 अगस्त को प्रकाशित होगी मतदाता सूची का प्रारूप
वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से SIR कार्यों की हुई समीक्षा, कार्यों में तेजी लाने का दिया निदेश*
जिले के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उपायुक्त ने अपेक्षित सहयोग करने हेतु की अपील
आगामी 22 जुलाई को सभी मतदान केन्द्रों पर BLO एवं BLA-2 तथा चुनाव पाठशाला की तृतीय बैठक आयोजित कराने का निदेश
आम मतदाताओं से विशेष कैंप में शामिल होकर SIR प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील
गढ़वा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार झारखंड में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान के तहत गढ़वा जिला प्रशासन मतदाता सूची को पूर्णतः शुद्ध, अद्यतन, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
अभियान की प्रगति पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी -सह- उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा स्वयं नियमित रूप से नजर बनाए हुए हैं। वे लगातार समीक्षा बैठकों के माध्यम से सभी विधानसभा क्षेत्रों में अभियान की प्रगति का आकलन कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रत्येक कार्य को पूरा कराने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत जिले के सभी बूथ स्तर पदाधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन कर रहे हैं। प्रत्येक परिवार तक घर-घर पहुंचकर गणना प्रपत्रों का वितरण किया जा चुका है, भरे हुए प्रपत्रों का संग्रह किया जा रहा है तथा उनके सत्यापन, डिजिटाइजेशन और ऑनलाइन प्रविष्टि की प्रक्रिया भी समानांतर रूप से तेज गति से संचालित की जा रही है। जिला प्रशासन का लक्ष्य 29 जुलाई 2026 तक सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को पूर्ण कर भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप 05 अगस्त 2026 को मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन सुनिश्चित करना है।
अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए जिले के सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) नियमित समीक्षा बैठकें कर रहे हैं। वहीं, सुपरवाइजर अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निरीक्षण करते हुए यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि प्रत्येक गणना प्रपत्र का समयबद्ध सत्यापन, डिजिटाइजेशन तथा ऑनलाइन अपलोड निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा हो।
अभियान के तहत गढ़वा जिले ने अब तक उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। जिले में कुल 8,62,092 गणना प्रपत्रों, अर्थात 100 प्रतिशत प्रपत्रों का वितरण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इसके अतिरिक्त 689438 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन, 506 प्रपत्रों का ऑनलाइन सबमिशन तथा 688929 प्रपत्रों का सफल सत्यापन बीएलओ द्वारा किया जा चुका है। यह उपलब्धि अभियान के प्रभावी संचालन, प्रशासनिक सक्रियता और मैदानी स्तर पर कार्यरत कर्मियों की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
अभियान के दौरान विशेष श्रेणी के मतदाताओं की पहचान का कार्य भी निर्धारित मानकों के अनुरूप जारी है। अब तक जिले में ASDDF के 3835, DSE (Demographic Similar Entries) के 13559 तथा Uncollectable Forms के 31508 Electors चिन्हित किए जा चुके हैं। इन सभी मामलों का निष्पादन निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जा रहा है।
SIR कार्यों की सतत निगरानी व कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री मिश्रा ने वर्चुअल रूप से बैठक आयोजित कर सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) को आवश्यक दिशा निर्देश निर्गत किया गया। बैठक के दौरान उपरोक्त पदाधिकारियों को विशेष निर्देश निर्गत करते हुए कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। इसके लिए डिस्ट्रीब्यूट किए गए अवशेष गणना प्रपत्रों को संग्रहित करने एवं सफलतापूर्वक डिजिटाइजेशन एवं सत्यापन का कार्य शत प्रतिशत कराने का निर्देश दिया गया। इस हेतु ERO, AERO एवं एडिशनल AERO को लगातार मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया गया।
साथ ही उपायुक्त ने कल आयोजित किए जाने वाले चुनाव पाठशाला में ASDDF के सभी मामलों का त्रुटिरहित निष्पादन करने की बात कही। इस कार्य हेतु उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में कल दिनांक 22 जुलाई 2026 को फील्ड विजिट करते हुए सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया।
विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कल दिनांक 22.07.2026 को आयोजित किए जाने वाले BLA-2 की बैठक एवं चुनाव पाठशाला के आयोजन के संबंध में जानकारी साझा की गई। उन्होंने बताया कि दिनांक 22 जुलाई 2026 को मतदाता सूची के प्रारूप एवं ASDD सूची को अंतिम रूप देना तथा प्रपत्र 6, 7 एवं 8 की समीक्षा की जाएगी। इसे लेकर सभी मतदान केन्द्रों पर BLO एवं BLA-2 तथा चुनाव पाठशाला की तृतीय बैठक आयोजित कराने का निदेश दिया गया। इसके संबंध में जानकारी साझा करते हुए कहा गया कि चुनाव पाठशाला में बी०एल०ओ०, BLA-2, वार्ड सदस्य, AWW, AWH, ANM, स्थानीय कर्मचारी के साथ-साथ सभी मतदाता सदस्य हैं, जिन्हें बैठक में बुलाया जाएगा। बी०एल०ओ० एवं BLA-2 की आयोजित बैठक की कार्यवाही एवं फोटोग्राफ BLO App पर करने का निदेश दिया गया।
इसमें प्रारूप ASDD सूची BLA-2 के साथ साझा करते हुए उस पर सत्यापन हेतु विचार-विमर्श किया जाएगा, अनमैप्ड मतदाताओं के संबंध में विचार-विमर्श होगी, बैठक में आम मतदाताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, अन्य राजनीतिक कार्यकर्ता जैसे पिछले चुनाव के निर्वाचन अभिकर्ता एवं अन्य राजनीतिक प्रतिनिधियों को शामिल किया जाएगा जबकि बैठक में गैर भारतीय व्यक्ति को शामिल नहीं किये जाने की बात कही।
इस सन्दर्भ में जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी/सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी/सभी अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, गढ़वा जिला को निदेशित किया गया कि अपने-अपने प्रशासनिक क्षेत्रों में उपरोक्त निर्धारित तिथियों को सभी मतदान केन्द्रों पर बी०एल०ओ० एवं संबंधित BLA-2 की बैठक आयोजित कराने हेतु सभी आवश्यक कार्रवाई ससमय सुनिश्चित करायेंगे। साथ ही उक्त निर्धारित तिथियों को प्रत्येक मतदान केन्द्र पर चुनाव पाठशाला का भी बैठक आहूत कराएँगे।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य जिले के प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही, अद्यतन और त्रुटिरहित रूप से दर्ज करना है, ताकि आगामी चुनावों के लिए पूरी तरह शुद्ध, पारदर्शी और विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार की जा सके। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए सभी बीएलओ को घर-घर जाकर समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने, प्रत्येक गणना प्रपत्र का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने तथा डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया में और अधिक तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने जिले के सभी मतदाताओं एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि मतदाताओं एवं जनप्रतिनिधियों का सक्रिय सहयोग ही शुद्ध, पारदर्शी एवं विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार करने की सबसे महत्वपूर्ण आधारशिला है और प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से ही लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है।