अवैध वसूली एवं अनावश्यक शुल्क पर तत्काल लगे रोक : अभाविप
गढ़वा : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद गढ़वा द्वारा श्री जगजीत सिंह नामधारी महाविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर शैक्षणिक वातावरण तथा नामांकन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं विद्यार्थी हितैषी बनाने की मांग को लेकर महाविद्यालय प्रशासन को 13 सूत्री ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन के माध्यम से परिषद ने महाविद्यालय में सभी शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सभी विषयों की कक्षाओं का नियमित संचालन कराने, छात्राओं के लिए सुरक्षित कॉमन रूम, स्वच्छ पेयजल एवं उपयोगी शौचालय की व्यवस्था करने की मांग की।
अभाविप ने पुस्तकालय को नियमित रूप से संचालित करते हुए पर्याप्त एवं अद्यतन पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, नामांकन से संबंधित सभी सूचनाएं, मेरिट सूची एवं तिथियों का समय पर प्रकाशन करने तथा सभी काउंटरों पर पर्याप्त संख्या में कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करने की भी मांग रखी, ताकि विद्यार्थियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
ज्ञापन में दिव्यांग एवं दूर-दराज़ से आने वाले विद्यार्थियों के लिए विशेष सहायता व्यवस्था, किसी भी प्रकार की अवैध वसूली एवं अनावश्यक शुल्क पर तत्काल रोक, नामांकन अवधि में पेयजल, बैठने की व्यवस्था, शौचालय एवं प्राथमिक चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सभी विषयों एवं संकायों में स्वीकृत सीटों के अनुरूप निष्पक्ष नामांकन सुनिश्चित करने की मांग भी शामिल है।
इसके अतिरिक्त, नामांकन संबंधी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए शिकायत सहायता केंद्र एवं नोडल पदाधिकारी की व्यवस्था करने की मांग भी परिषद ने उठाई।
मौके पर विभाग संयोजक प्रिन्स सिंह ने कहा कि परिषद सदैव विद्यार्थियों के अधिकारों, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण के लिए संघर्षरत रही है। प्रत्येक विद्यार्थी को समय पर कक्षाएं, शिक्षकों का मार्गदर्शन, स्वच्छ एवं सुरक्षित परिसर, पारदर्शी नामांकन प्रक्रिया तथा सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना महाविद्यालय प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। वहीं जिला संयोजक राजा यादव ने कहा कि यदि विद्यार्थी हितों से जुड़ी इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो परिषद चरणबद्ध आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी सारी जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन की होगी।
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश निजी विश्विद्यालय संयोजक आनंद कुमार, सदस्य अभिषेक यादव, आर्यन राज, सुजीत कुमार गुप्ता का नाम शामिल है।