सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

मेराल (गढ़वा) :- हड़ही पहाड़ पर 1200 पौधों का हुआ वृक्षारोपण, 20 से अधिक युवाओं ने लिया भाग


मेराल (गढ़वा) :- पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और जलवायु परिवर्तन के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से मेराल पूर्वी स्थित हड़ही पहाड़ पर 26 जुलाई को प्रातः 6 बजे वृहद वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। राहुल कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में करीब 1200 पौधे लगाए गए।

इस अभियान में मेराल पूर्ववार टोला, नेनुआ मोड़, बड़का खरियान एवं राजपुर टोला के 20 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया। युवाओं ने मिलकर पहाड़ी क्षेत्र में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और उनके संरक्षण का भी संकल्प लिया।

अभियान का नेतृत्व कर रहे राहुल कुमार ने बताया कि वृक्षारोपण का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ बढ़ती गर्मी, जलवायु परिवर्तन और हरित आवरण में लगातार हो रही कमी को रोकने की दिशा में जनभागीदारी बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि यदि आज हम पेड़ नहीं लगाएंगे तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर पर्यावरणीय संकट का सामना करना पड़ेगा।

उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपील करते हुए कहा कि अपने आसपास के खाली स्थानों पर अधिक से अधिक पौधे लगाएं तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को बचाने की जिम्मेदारी हम सभी की है और आने वाले समय को सुरक्षित एवं हराभरा बनाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को वृक्षारोपण करना चाहिए।

अभियान के अंत में सभी प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक प्रयास बताया।
Share on WhatsApp