गढ़वा:– कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के तहत गढ़वा में "फॉरमेशन एंड प्रमोशन ऑफ फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशंस" योजना के कार्यान्वयन हेतु जिला स्तरीय मॉनिटरिंग समिति (डीएमसी) की बैठक व कार्यशाला आयोजित की गई। यह कार्यक्रम मेराल प्रखंड के चामा पंचायत में स्थित कृषक पाठशाला प्रशिक्षण भवन में उपायुक्त शेखर जमुआर की अध्यक्षता में हुआ।
कार्यशाला में कृषि, पशुपालन, सहकारिता और संबद्ध विभागों की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इनमें बीज विनिमय योजना, बिरसा फसल विस्तार योजना, झारखंड कृषि ऋण माफी योजना, झारखंड राज्य मिलेट मिशन, किसान समृद्धि योजना, और अन्य प्रमुख योजनाएं शामिल थीं। जिला कृषि पदाधिकारी शिव शंकर प्रसाद ने इन योजनाओं का महत्व समझाया।
उपायुक्त के निर्देश:
कृषि कार्यों को उन्नत करने के लिए एफपीओ और संबद्ध विभागों के बीच समन्वय बढ़ाएं।
कृषक पाठशाला के माध्यम से अधिक से अधिक किसानों को जागरूक करें।
झारखंड सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक किसानों तक पहुंचाने के लिए प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
जेएसएलपीएस कर्मियों को अभियान के तहत अधिक जनजागरूकता लाने का निर्देश दिया।
कार्यशाला में डॉक्यूमेंट्री वीडियो के माध्यम से कृषक पाठशाला की जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम में जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी, एफपीओ प्रतिनिधि, कृषि वैज्ञानिक, और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। समापन पर उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।