सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

Kandi 30 साल बाद पुराने दोस्तों का मिलन

30 साल बाद पुराने दोस्तों का मिलन: गढ़वा के रामा साहू और गोविन्द हाई स्कूल के 1994 बैच के छात्रों ने मित्र समागम आयोजित कर ताजा की यादें

गढ़वा के रामा साहू हाई स्कूल और गोविन्द हाई स्कूल के 1994 बैच के छात्रों ने 30 साल बाद नवादा मोड़ स्थित बंधन मैरिज हॉल में मित्र समागम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई। इसके बाद दोनों स्कूलों के तत्कालीन प्राचार्य, स्व. सरयू प्रसाद विश्वकर्मा और स्व. विश्वनाथ चौबे के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

कार्यक्रम में सभी मित्रों का स्वागत गढ़देवी मंदिर के पुजारी श्री प्रकाश पांडेय ने तिलक लगाकर किया। इसके बाद मित्रों ने एक-एक कर अपना परिचय दिया और यह संकल्प लिया कि हर साल इस तरह का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम का संचालन कर रहे भाजपा नेता सूरज गुप्ता ने कहा, "यह समागम हम सभी मित्रों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। आज की नई पीढ़ी में सच्चे मित्रों की कमी देखी जा रही है। यह आयोजन रिश्तों की अहमियत को समझने का एक बेहतरीन अवसर है।"

मित्र डॉ. पंकज प्रभात ने कहा, "हाई स्कूल के बाद हम सभी दोस्त करियर बनाने में व्यस्त हो गए और आपस के रिश्ते कमजोर हो गए थे। इस आयोजन ने उन रिश्तों को फिर से जीवित कर दिया है। निश्छल प्रेम और निस्वार्थ भाव से की गई दोस्ती सदा जीवित रहती है, जो आज की पीढ़ी के लिए एक बड़ी सीख है।"

संवेदक मित्र राजीव कुमार केशरी ने कहा, "मित्रता तुलनात्मक नहीं होती। भगवान कृष्ण और सुदामा की दोस्ती इसका बड़ा उदाहरण है। यह आयोजन ऐतिहासिक और अविस्मरणीय है।" अधिवक्ता राहुल ऋषि ने कहा, "यह मित्र समागम विचारों के संगम की तरह है, जिसे और आगे बढ़ाया जाएगा।"

कार्यक्रम में संगीत कलाकारों ने दोस्ती पर आधारित गीत प्रस्तुत किए, जिससे लोग झूमने पर मजबूर हो गए। आयोजन की सफलता में सचिन अग्रवाल, मुकेश ठाकुर, राकेश रौशन, शिव कुमार उपाध्याय, उत्तम कमलापुरी, अमित तिवारी और अमरेंद्र पांडेय का योगदान सराहनीय रहा।

इस मौके पर संतोष कुमार गुप्ता, विरेन्द्र यादव, ब्रजेश तिवारी, डॉ. राकेश रंजन, अधिवक्ता अंकेश नारायण, पिंटू सिंह, और अन्य लगभग पांच दर्जन मित्र उपस्थित थे।

कार्यक्रम के अंत में असमय मृत मित्रों की याद में एक मिनट का मौन रखा गया।
Share on WhatsApp