सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

जीवन का आधार है- विज्ञान वर्तमान समय में विज्ञान का योगदान जीवन के हर क्षेत्र में बच्चों ने विज्ञान के प्रति दिखाई रुचि

जीवन का आधार है- विज्ञान वर्तमान समय में विज्ञान का योगदान जीवन के हर क्षेत्र में बच्चों ने विज्ञान के प्रति दिखाई रुचि

स्थानीय जीएन कॉन्वेंट स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जो अत्यंत आकर्षक और विस्मयकारी था। इसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी का उद्घाटन विद्यालय के निदेशक सह शिक्षाविद मदन केशरी और उपप्राचार्य बसंत ठाकुर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर एवं मां सरस्वती की छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर किया।

अपने संबोधन में निदेशक ने कहा कि ज्ञान का विशिष्ट रूप विज्ञान है। समृद्धि, ज्ञान और सकारात्मक सोच ने वर्तमान युग को "विज्ञान युग" बना दिया है। विज्ञान ने न केवल मानव जीवन को सरल और सुविधाजनक बनाया है, बल्कि कई समस्याओं का समाधान भी दिया है। हालांकि, इसके दुरुपयोग से नई चुनौतियां भी उत्पन्न हो रही हैं। इस प्रदर्शनी में विज्ञान के गुण और दोषों की झलक बाल वैज्ञानिकों द्वारा प्रस्तुत की गई।

प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य बच्चों को अपनी स्वाभाविक जिज्ञासा और रचनात्मकता को प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करना था। यह बच्चों को उनके आसपास के क्रियाकलापों में विज्ञान की उपस्थिति को पहचानने और समझने का अवसर देता है।

बच्चों ने रोड सेफ्टी, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्मार्ट सिटी, फायर सेफ्टी समेत कई विषयों पर आधारित प्रदर्श सजाए। इनमें मोटर पंप, जल संरक्षण, सोलर हीटर, सोलर लाइट, भूकंप रोधी मशीन, ज्वालामुखी, विद्युत चुंबक, बैटरी पंखा, स्वच्छ एवं स्मार्ट विलेज, रामानुजन फॉर्मूला, चंद्रयान, जेसीबी, पर्यावरण और प्रदूषण जैसे विषयों पर प्रदर्शन शामिल थे।

प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बाल वैज्ञानिकों को विज्ञान शिक्षकों ने बधाई और शुभकामनाएं दीं। निर्णायक मंडल में विज्ञान शिक्षक वीरेंद्र शाह, संतोष प्रसाद और मुकेश भारती शामिल थे। मंच का संचालन नीरा शर्मा ने किया, जबकि स्वागत भाषण उपप्राचार्य और स्वागत गीत नवम वर्ग की छात्राओं ने प्रस्तुत किया। धन्यवाद ज्ञापन सीनियर शिक्षक कृष्णा कुमार ने दिया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षकों की भूमिका सराहनीय रही। इनमें वीरेंद्र शाह, मुकेश भारती, खुर्शीद आलम, विकास कुमार, नीलम कुमारी, सरिता दुबे, सुनीता कुमारी, रागिनी कुमारी, शिवानी कुमारी, पूजा प्रकाश, ज्योति तिवारी, और संतोष प्रसाद प्रमुख थे।
Share on WhatsApp