गढ़वा पुलिस ने कुख्यात अपराधी इकबाल खान को किया गिरफ्तार, हत्या और रंगदारी वसूली के षड्यंत्र का पर्दाफाश
नगरऊंटारी थाना क्षेत्र में 3 दिसंबर 2024 को गोसाई बाग स्थित लाइन होटल के पास कुख्यात अपराधी सत्य पासवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या का उद्देश्य व्यवसायियों में दहशत पैदा करना और रंगदारी वसूलना था।
गढ़वा पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्त इकबाल खान को चेरवाडीह जंगल से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 7.65 बोर का देशी पिस्तौल, चार जिंदा गोलियां, बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
इकबाल खान के साथ घटना में शामिल शोहदाब खान को भी गिरफ्तार किया गया, जो व्यवसायियों के मोबाइल नंबर इकबाल को उपलब्ध कराता था। एक अन्य अभियुक्त तौसीफ खान उर्फ तौसीम, जो घटना के दौरान पिस्तौल लेकर भाग गया था, की तलाश जारी है।
इकबाल खान का आपराधिक इतिहास लंबा है। उस पर नगरऊंटारी, गढ़वा, रमना, धुरकी, और रंका थानों में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। शोहदाब खान पहले भी गढ़वा थाना कांड संख्या 88/2022 में नामजद हो चुका है।
गढ़वा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सत्येंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। दल में नगरऊंटारी थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ कि हत्या के बाद अपराधियों की एक और हत्या की योजना थी, जिसे पुलिस ने विफल कर दिया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस गिरफ्तारी से अपराधियों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बहाल करने में मदद मिली है।
पुलिस ने जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें ताकि अपराध को जड़ से खत्म किया जा सके।