● रक्तदान और स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने पर निर्देश।
● एम्बुलेंस संचालन, निष्क्रिय खातों के समापन समेत कई निर्णय।
गढ़वा:– गढ़वा के उपायुक्त शेखर जमुआर की अध्यक्षता में भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी की जिला इकाई की बैठक संपन्न हुई। बैठक में पूर्व के निर्णयों की समीक्षा के साथ आगामी तीन महीनों के लिए योजनाएं तैयार की गईं।
बैठक में रक्तदान और स्वास्थ्य जांच शिविरों के आयोजन पर जोर दिया गया। गढ़वा, रंका और नगर ऊंटारी प्रखंडों में रक्तदान शिविर और स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही नए ब्लड बैंक की स्थापना और मोतियाबिंद ऑपरेशन की योजना पर भी चर्चा की गई।
बैठक में एम्बुलेंस संचालन के लिए सब-कमेटी गठित करने, निष्क्रिय बचत खाते को बंद करने और वरिष्ठ नागरिकों के लिए हर रविवार स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने के निर्णय लिए गए। नगर ऊंटारी की सब-डिस्ट्रिक्ट ब्रांच को सक्रिय करने का भी फैसला किया गया।
बैठक में डॉ. मुरली प्रसाद गुप्ता, डॉ. यासीन अंसारी, हेल्थ चेयरमैन डॉ. पतंजलि केसरी, डॉ. असज़द अंसारी, अलखनाथ पांडे, दयाशंकर गुप्ता, बृजमोहन प्रसाद, नंदकुमार गुप्ता, उमेश कश्यप, रामनारायण प्रसाद और सुजीत अग्रवाल सहित कई अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।