जनता दरबार आयोजित कर आमजनों की समस्याओं का करें समाधान – उपायुक्त
कार्य में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
गढ़वा: गुड गवर्नेंस वीक 2024 के तहत "प्रशासन गाँव की ओर" अभियान के अंतर्गत समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। उपायुक्त शेखर जमुआर की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जनकल्याणकारी योजनाओं, समस्याओं के समाधान, और प्रशासनिक कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) और अंचल अधिकारी (सीओ) अपने-अपने क्षेत्रों में जनता दरबार आयोजित करें और आम जनता की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनता के बीच मित्रवत संबंध होना चाहिए ताकि लोग अपनी समस्याएं निसंकोच साझा कर सकें।
बैठक में मनरेगा, पीएम किसान योजना, केसीसी, राशन वितरण, स्वास्थ्य सेवाओं, भू-अर्जन, प्रधानमंत्री आवास योजना, और अन्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने दाखिल खारिज, आवासीय प्रमाण पत्र, और जाति प्रमाण पत्र से जुड़े लंबित मामलों को प्राथमिकता से हल करने का निर्देश दिया।
विशेष निर्देश:
सभी लंबित म्यूटेशन और डीमार्केशन मामलों को जल्द से जल्द निपटाया जाए।
प्लास्टिक कचरा प्रबंधन और कचरा वाहनों के संचालन पर विशेष ध्यान दिया जाए।
हर राजस्व ग्राम में सामुदायिक शौचालय और माहवारी स्वच्छता के लिए भस्मक का निर्माण कराया जाए।
कार्यों में लापरवाही करने वाले अधिकारियों और कर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उपायुक्त के साथ उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा, सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार, और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी को योजनाबद्ध तरीके से कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए।