सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

JSSC (CGL) पेपर लीक मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला फूंका गया

 


गढ़वा: भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) गढ़वा द्वारा बंशीधर नगर में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम के तहत JSSC (CGL) भर्ती परीक्षा पेपर लीक कांड के विरोध में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला फूंका गया। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व भाजयुमो जिलाध्यक्ष मुन्ना तिवारी ने किया।

भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य मुकेश चौबे ने इस मौके पर कहा कि राज्य में परीक्षा पत्र का लीक होना सरकार की मंशा पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। जनवरी में स्नातक स्तरीय परीक्षा का पेपर लीक हुआ था, और हाल ही में 21 और 22 सितंबर को भी कई स्थानों पर प्रश्न पत्र पहले से खुले हुए मिले। कई जगहों पर लोगों को बाहर प्रश्न और उत्तर बताते हुए देखा गया। इतना ही नहीं, 2019 की सेंट्रल स्नातक स्तरीय परीक्षा का पूरा सेट उठाकर इस परीक्षा में दोबारा इस्तेमाल किया गया। अब सरकार ने सुनियोजित तरीके से इंटरनेट बंद कर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ किया है, जबकि इंटरनेट बंद होने की आड़ में पेपर लीक हो रहा है।

मुकेश चौबे ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने जल्द सुधार नहीं किया, तो आने वाले चुनाव में युवा मुख्यमंत्री और उनकी सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंक देंगे।

भाजपा शहरी मंडल अध्यक्ष कुमार कनिष्क ने कहा कि हेमंत सोरेन के शासन में राज्य की शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह से विफल हो गई है। JSSC, CGL परीक्षाओं में लगातार धांधली हो रही है, और पिछले पांच वर्षों में सरकार एक भी निष्पक्ष परीक्षा कराने में सफल नहीं रही है।

विरोध प्रदर्शन में अन्य प्रमुख भाजयुमो कार्यकर्ताओं में जिला सोशल मीडिया प्रभारी जितेंद्र दीक्षित, मंडल अध्यक्ष आशुतोष पांडेय, शहरी मंडल अध्यक्ष सोनू सिंह, अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष लक्ष्मण राम, बिशुनपुरा मंडल प्रभारी कृपाल सिंह, विधायक प्रतिनिधि लालमोहन यादव, बिभूति चौबे, मंडल अध्यक्ष विकास पांडेय, सांसद प्रतिनिधि रमना प्रभात कुमार, सुधीर प्रजापति, मिथलेश पासवान, राहुल देव पाल, विद्या पासवान, नंद किशोर प्रसाद, चिंटू तिवारी, धर्मदेव यादव, शशि कुमार, विवेकानंद पांडेय, नारद प्रजापति, अशोक सिंह, सत्यनारायण पांडेय, निक्कू तिवारी, नीरज पांडेय, नीरज वार्ड पार्षद और अजय गुप्ता सहित कई अन्य भाजयुमो कार्यकर्ता उपस्थित थे।


Share on WhatsApp