गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के रंका प्रखंड के खपरो गांव में जल्द ही साढ़े दस करोड़ रुपए की लागत से लगभग साढ़े दस किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण होने जा रहा है। झारखंड सरकार के ग्रामीण कार्य विभाग ने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत इस सड़क निर्माण की स्वीकृति प्रदान कर दी है।
गढ़वा विधायक एवं झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता, पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि यह सड़क क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। ग्रामीण लंबे समय से इसकी मांग कर रहे थे, क्योंकि वर्तमान में कच्ची सड़कों की स्थिति बेहद खराब थी। मंत्री ने बताया कि उन्होंने ग्रामीणों से इन सड़कों के निर्माण का वादा किया था और वह स्वयं भी इसके निर्माण के लिए काफी समय से प्रयासरत थे।
मंत्री ठाकुर ने कहा कि ग्रामीणों से किया गया वादा अब पूरा हो गया है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इस परियोजना के तहत रंका-रमकंडा मुख्य पथ से खपरो गांव को जोड़ने वाली कच्ची सड़कों, जैसे गोरियाबांध, पियाह टोला, रसूलपुर, अमरवा दामार, और खपरो गांव की सभी सड़कों का पक्कीकरण किया जाएगा। ये सड़कें रंका-सलैया आरईओ पथ से होकर रंका-खपरो रोड को जोड़ेगी।
मंत्री ठाकुर ने यह भी कहा कि उनका उद्देश्य गढ़वा को कच्ची सड़क मुक्त बनाना है। आने वाले समय में गढ़वा के प्रत्येक गांव की सभी कच्ची सड़कों को पक्की सड़कों में तब्दील किया जाएगा।
