सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

वर्तमान जनप्रतिनिधि केवल अपना ही विकास कर रहे हैं : डॉ एमएन खान

 

गढ़वा: रंका प्रखंड के दूधवाल पंचायत के सैकड़ों लोगों ने एआईएमआईएम की सदस्यता ग्रहण की। एआईएमआईएम के पलामू प्रमंडल प्रभारी और गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रत्याशी, डॉ. एम. एन. खान, ने सभी नए सदस्यों को पार्टी का पट्टा पहनाकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

इस अवसर पर डॉ. खान ने कहा कि एआईएमआईएम का जनाधार लगातार बढ़ रहा है, और इस बार यहां की जनता ने पूरी तरह से एआईएमआईएम को समर्थन देने का मन बना लिया है। अब यहां की जनता को कोई भी पार्टी गुमराह नहीं कर सकती। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान जनप्रतिनिधि केवल अपना ही विकास कर रहे हैं, जबकि जनता के विकास से उनका कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने अपने भ्रमण के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में समस्याओं की भरमार देखने की बात कही, जहां लोग बुनियादी सुविधाओं जैसे सड़क, बिजली और पानी की कमी से जूझ रहे हैं।

डॉ. खान ने आश्वासन दिया कि अगर उन्हें जनता का समर्थन मिला, तो वे गढ़वा विधानसभा क्षेत्र का चहुंमुखी विकास करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार एआईएमआईएम का परचम गढ़वा विधानसभा में लहराएगा।

सदस्यता ग्रहण करने वाले लोगों ने एआईएमआईएम की नीतियों और सिद्धांतों से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल होने की बात कही। उन्होंने झारखंड की वर्तमान सरकार पर वादे निभाने में असफल रहने और युवाओं को रोजगार उपलब्ध न कराने का आरोप लगाया। इस बार वे विधानसभा चुनाव में एआईएमआईएम को जीत दिलाने का संकल्प लेकर आए हैं।

इस कार्यक्रम में जिला सोशल मीडिया प्रभारी और गढ़वा विधानसभा अध्यक्ष मौलाना मजहर हुसैन रज़वी, जिला प्रवक्ता अब्दुर्रहमान अंसारी, रंका प्रखंड अध्यक्ष इबरान अंसारी, प्रखंड महासचिव मोबिन अंसारी, प्रखंड सचिव असगर अंसारी, संजय कुमार राम, दशरथ यादव, जितेंद्र यादव, उदय यादव, मेराल प्रखंड उपाध्यक्ष मुजाहिद अंसारी, कामिल अंसारी, मंसूर अंसारी, वसीम अंसारी, हाजी तैयब रिज़वी, दानिस राजा और अनिल यादव सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।


Share on WhatsApp