गढ़वा: समाजसेवी और पूर्व बीडीसी समेत कई प्रमुख लोगों ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की सदस्यता ग्रहण कर ली है। गढ़वा विधायक और झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता, पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद और युवा कार्य मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर के गढ़वा स्थित आवास पर जिले के मेराल प्रखंड के तिसरटेटुका पंचायत के निवासी अशोक शर्मा समेत अन्य लोगों ने पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया।
चामा पंचायत के पूर्व बीडीसी कुर्बान अंसारी ने भी झामुमो का पट्टा पहनकर पार्टी की जीत के लिए काम करने का संकल्प लिया। मंत्री श्री ठाकुर ने सभी को माला और पार्टी का पट्टा पहनाकर, मिठाई खिलाकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर मंत्री ठाकुर ने कहा कि इन सभी के आने से पार्टी को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।
उन्होंने सभी का दिल से स्वागत करते हुए कहा कि उनके अनुभव से पार्टी को काफी लाभ होगा और झामुमो की जड़ें और मजबूत होंगी। मंत्री ने यह भी कहा कि झामुमो ही एक ऐसी पार्टी है जहां सभी को उचित मान-सम्मान मिलता है, और सरकार की योजनाओं का लाभ जनता तक सही तरीके से पहुंचता है। मौके पर झामुमो जिलाध्यक्ष तनवीर आलम, सचिव मनोज ठाकुर समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।