गढ़वा के विधायक और झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता, पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने जनता से अपील की है कि वे वोट लूटने वालों के बहकावे में न आएं, क्योंकि ऐसे लोग सत्ता में आने के बाद जनहित की सभी योजनाओं को बंद कर देंगे।
श्री ठाकुर ने कहा कि राज्य की गरीब बेटियों और बहनों के लिए चलाई जा रही मंईयां सम्मान योजना, अबुआ आवास योजना, 50 साल से ऊपर के लोगों को पेंशन, और छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के लिए दी जा रही सहायता राशि जैसी योजनाओं को विकास विरोधी पार्टियां सत्ता में आकर खत्म कर देंगी। ये बातें उन्होंने चिनियां प्रखंड के विभिन्न गांवों में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान कहीं।
उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड में हर तरफ विकास हो रहा है। राज्य सरकार अंतिम पंक्ति के लोगों को ध्यान में रखकर सभी योजनाओं का संचालन कर रही है, जिससे जनता को सीधे तौर पर लाभ मिल रहा है। जब मुख्यमंत्री ने राज्य के विकास के लिए केंद्र से बकाया राशि मांगी, तो उन्हें साजिश के तहत जेल भेज दिया गया। केंद्र सरकार नहीं चाहती कि झारखंड और यहां के गरीबों का विकास हो।
श्री ठाकुर ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार झारखंड की सत्ता हासिल करने के लिए लोगों को जाति, धर्म और संप्रदाय के नाम पर बांट रही है। 2019 से पहले की सरकारों ने झारखंड को लूटने का काम किया, लेकिन आज जब झारखंडी जनमानस की सरकार जनता के हित में काम कर रही है, तो भाजपा को समस्या हो रही है।
इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से रंका एसडीओ रूद्र प्रताप, बीडीओ शिवपूजन तिवारी, सीओ सुनेश्वर यादव, चिनियां प्रखंड अध्यक्ष अरविंद यादव, बनारसी सिंह, मंगरू सिंह, उमाशंकर गुप्ता, फरीद खां, देवीशरण सिंह, कुंभकरण कोरवा, कमलेश यादव और रामसागर यादव समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
