झारखंड सरकार ने राज्य भर के गरीब बिजली उपभोक्ताओं का बकाया बिजली बिल माफ कर दिया है। इस राहत योजना के तहत गढ़वा जिले के लगभग दो लाख उपभोक्ताओं का करीब 90.5 करोड़ रुपए का बिजली बिल माफ किया गया है। सरकार के इस फैसले से उपभोक्ताओं को भारी राहत मिली है।
गढ़वा के लगभग 2 लाख उपभोक्ताओं को राहत
गढ़वा जिले के एक लाख 82 हजार 929 उपभोक्ताओं को इस योजना का लाभ मिला है। इनमें गढ़वा वन डिवीजन के 1,28,516 उपभोक्ताओं का 65 करोड़ 78 लाख 80 हजार रुपए का बकाया माफ किया गया, जबकि गढ़वा टू डिवीजन के 54,413 उपभोक्ताओं का 24 करोड़ 61 लाख 6 हजार रुपए का बकाया रद्द कर दिया गया है।
गरीबों को मिलेगा प्रमाण पत्र
गढ़वा विधायक और झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता, पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री, मिथिलेश कुमार ठाकुर ने बताया कि सभी लाभुकों को जल्द ही प्रमाण पत्र दिए जाएंगे, ताकि भविष्य में कोई भी उनसे बकाया राशि की मांग न कर सके। यह कदम गरीबों के हित में उठाया गया है, जिससे उन्हें मानसिक और आर्थिक राहत मिल सके।
झारखंड सरकार ने किसानों का भी कर्ज किया माफ
बिजली बिल माफी के साथ-साथ, झारखंड सरकार ने किसानों का भी ध्यान रखा है। राज्य के गरीब किसानों का 2 लाख रुपए तक का कर्ज माफ किया गया है, जिससे कर्ज के बोझ तले दबे किसानों को बड़ी राहत मिली है। सरकार का यह कदम किसानों के आर्थिक पुनरुत्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
हर वर्ग के हित में काम कर रही है सरकार
मंत्री ठाकुर ने कहा कि हेमंत सरकार गरीबों के हितों और अधिकारों के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सरकार ने यह साबित कर दिया है कि वह हर वर्ग के लोगों की बेहतरी के लिए काम कर रही है।